उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस को भारत-नेपाल के रिश्तों के लिए ऐतिहासिक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से दोनों देशों के सदियों पुराने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ‘रोटी-बेटी’ के संबंधों में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने इस खास अवसर पर सभी रामभक्तों और भारत-नेपाल के नागरिकों को बधाई दी।
सोमवार, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे और कार्यक्रम में शामिल हुए। इससे पहले उन्होंने रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना भी की।
मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की पावन नगरी है, जबकि जनकपुर माता जानकी की जन्मस्थली है। दोनों स्थानों का धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्ता सदियों पुराना है। अयोध्या के लोग आज भी जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं और मिथिला के लोग भगवान श्रीराम को अपना पाहुन मानते हैं। ऐसे में दोनों धार्मिक नगरों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होना इस रिश्ते को और मजबूत करेगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस ट्रेन से दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी। इसके साथ ही धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल व्यवसाय और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। ट्रेन के रास्ते में पड़ने वाले 10 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव होने से उत्तर प्रदेश, बिहार और सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार जताया।
सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर धाम तक करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह सफर लगभग 19 घंटे में पूरा होगा। ट्रेन गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और जयनगर समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इस रेल सेवा से यात्रियों को बीच रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। अयोध्या कैंट से हर सोमवार शाम 5 बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में यह हर शनिवार दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर जनकपुर से चलेगी और रविवार सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या पहुंचेगी। इसका नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होगा।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारत-नेपाल के संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। साथ ही दोनों देशों के बीच सड़क, रेल, व्यापार और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की बात कही।
सरयू-कमला एक्सप्रेस को सिर्फ एक रेल सेवा नहीं, बल्कि भारत और नेपाल की साझा संस्कृति और आस्था को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे अयोध्या और जनकपुर के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी और दोनों देशों के पुराने पारिवारिक और सांस्कृतिक रिश्तों को भी नई मजबूती मिलेगी।




