बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दरभंगा एयरपोर्ट का नाम बदलकर महाकवि विद्यापति के नाम पर रखने की बात कही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से औपचारिक रूप से आग्रह किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, महाकवि विद्यापति मिथिला की पहचान हैं और उनके नाम पर एयरपोर्ट का नाम रखना उनके सम्मान की बात होगी।
मुख्यमंत्री ने रविवार को दरभंगा के नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित 54वें विद्यापति पर्व समारोह का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने 346 करोड़ रुपये से अधिक की 103 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और दो परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।
सम्राट चौधरी ने दरभंगा एयरपोर्ट के विकास को लेकर भी कई अहम जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट का रनवे करीब चार किलोमीटर लंबा होगा, जो पटना एयरपोर्ट के रनवे से डेढ़ गुना अधिक होगा। इसके विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण का काम शुरू हो चुका है। सरकार की योजना यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की भी है। नए टर्मिनल भवन का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने मिथिला की भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि बिहार के स्कूलों में कक्षा एक से छह तक मैथिली भाषा में पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा मां सीता के नाम पर एक विश्वविद्यालय स्थापित करने की योजना भी बताई। उन्होंने कहा कि महाकवि विद्यापति की प्रतिमा राजकीय सम्मान के साथ स्थापित की जाएगी।
सम्राट चौधरी ने कहा कि मिथिला का विकास बिहार के विकास के लिए जरूरी है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, ऊर्जा, कृषि और पर्यटन के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। उन्होंने वर्ष 2030 तक बिहार में 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन और एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य भी बताया। साथ ही दरभंगा में भी औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने की योजना पर काम शुरू करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य वर्ष 2037 तक राज्य को विकसित और समृद्ध बनाना है। दरभंगा एयरपोर्ट का नाम विद्यापति के नाम पर रखने और उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की योजना को मिथिला के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।




