मसूरी में बड़ा हादसा टला, 10 मीटर गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की गाड़ी, पेड़ों ने बचाई 20 लोगों की जान

देहरादून: उत्तराखंड के पहाड़ी पर्यटन स्थल मसूरी में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। हरिद्वार से मसूरी जा रहा पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैरापिट को तोड़ते हुए करीब 10 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि गाड़ी नीचे पेड़ों में फंस गई, जिससे उसमें सवार सभी 20 लोगों की जान बच गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसा मसूरी झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के नजदीक हुआ। टेंपो ट्रैवलर में गुजरात मूल के पांच परिवारों के 20 सदस्य सवार थे, जो फिलहाल मुंबई में रहते हैं। सभी लोग हरिद्वार से मसूरी घूमने जा रहे थे। इसी दौरान चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से नीचे खाई में गिर गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे सभी 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दुर्घटना में 45 वर्षीय महिला यात्री सखी पटेल को मामूली चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। वाहन चालक भी सुरक्षित बताया गया है।

राहत की बात यह रही कि गाड़ी पेड़ों में अटक गई, जिससे वह खाई में और नीचे नहीं गिरी। अगर वाहन पेड़ों में नहीं फंसता तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सफर के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।