पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह को उनकी बेटी शालिनी सिंह ने जन्मदिन से पहले एक बेहद खास तोहफा दिया है। शालिनी ने अपने पिता के लिए नोएडा में एक निजी हेलिपैड बनवाया है। इस अनोखे उपहार की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इसकी काफी चर्चा हो रही है। खास बात यह है कि बृजभूषण शरण सिंह ने खुद पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर इस हेलिपैड का उद्घाटन किया।
जानकारी के मुताबिक, यह हेलिपैड नोएडा के सेक्टर-150 में यमुना नदी के किनारे बनाया गया है। इसके निर्माण पर करीब 50 लाख रुपये खर्च होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक लागत की पुष्टि नहीं हुई है। शालिनी सिंह ने सोशल मीडिया पर अपने पिता को यह तोहफा देने की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने नोएडा में नवनिर्मित हेलिपैड अपने पिता को जन्मदिन के उपहार के रूप में भेंट किया है। बृजभूषण शरण सिंह का जन्मदिन 8 जनवरी को होता है, इसलिए बेटी ने उससे पहले ही उन्हें यह खास सरप्राइज दिया।
शालिनी सिंह ने इस तोहफे के पीछे की भावना बताते हुए कहा कि उनके पिता ने बचपन से ही उन्हें बहुत प्यार दिया और हर तरह से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने उन्हें इस काबिल बनाया कि आज वह अपने पिता को कुछ खास दे सकें। शालिनी के मुताबिक, यह तोहफा उनके प्यार और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने हेलिपैड की कीमत बताने से भी इनकार किया और कहा कि उपहार की कीमत नहीं बताई जाती।
बताया जा रहा है कि इस हेलिपैड के बनने से बृजभूषण शरण सिंह के लिए नोएडा और गोंडा के बीच आवागमन आसान होगा। उनके पास तीन हेलीकॉप्टर हैं, जिनमें से एक काले रंग का हेलीकॉप्टर नोएडा के नए हेलिपैड पर रहेगा, जबकि भगवा और सफेद रंग के हेलीकॉप्टर गोंडा में रहेंगे। इससे परिवार के सदस्यों को भी यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
शालिनी सिंह नोएडा में भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ नोएडा सिटिजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। वह सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी हिस्सा लेती हैं। गौतमबुद्ध नगर की एक विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट को लेकर भी उनके नाम की चर्चाएं होती रही हैं, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पिता को दिए गए इस अनोखे उपहार ने फिलहाल उन्हें चर्चा में ला दिया है।





