CJI सूर्यकांत के आगमन को लेकर देवघर में सुरक्षा सख्त, ट्रैफिक में बदलाव

देवघर, 2 नवंबर। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत के देवघर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। उनके आगमन को देखते हुए शहर में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है और कई मार्गों पर यातायात में बदलाव किया गया है।

मुख्य न्यायाधीश के साथ सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस चंद्रशेखर और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह भी देवघर पहुंचेंगे। उनके दौरे के दौरान व्यवहार न्यायालय परिसर में राज्यस्तरीय विधिक सेवा एवं सशक्तीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

प्रशासन के अनुसार, 2 नवंबर को दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक ऑटो और टोटो के परिचालन पर रोक रहेगी। भारी वाहनों और व्यावसायिक बसों के शहर में प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। इनके लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

दौरे की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि काफिले का आवागमन सुचारु रूप से हो सके।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।