दीपावली पर आकांक्षा समिति ने महिलाओं को बांटे उपहार, बूंदी के लड्डू बनाने की भी शुरुआत

लखनऊ में दीपावली के अवसर पर आकांक्षा समिति की ओर से बटलर पैलेस स्थित मसाला-मठरी केंद्र में काम करने वाली महिलाओं को उपहार वितरित किए गए। रविवार, 1 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष और आईएएसओडब्ल्यूए (इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन) की अध्यक्ष डॉ. नीलू गोयल ने महिलाओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने केंद्र में काम कर रही महिलाओं के योगदान की सराहना भी की।

आकांक्षा समिति ने महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल करते हुए केंद्र में बूंदी के लड्डू बनाने का काम भी शुरू किया है। अब तक यहां बेसन और आटे के लड्डू तैयार किए जा रहे थे। समिति को उम्मीद है कि बूंदी के लड्डू भी अपने स्वाद और शुद्धता के कारण लोगों को पसंद आएंगे। इससे आकांक्षा केंद्र के उत्पादों की सूची में एक नया उत्पाद जुड़ गया है।

समिति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना है। केंद्र में तैयार होने वाले खाद्य उत्पादों की बिक्री से जो आय प्राप्त होती है, उसे यहां काम करने वाली महिलाओं के बीच ही वितरित किया जाता है। इस तरह महिलाएं अपने काम के जरिए आर्थिक रूप से सहयोग प्राप्त कर रही हैं।

आकांक्षा समिति से अधिकारियों की पत्नियां स्वैच्छिक और अवैतनिक रूप से जुड़ी हुई हैं। वे महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से अपना योगदान दे रही हैं। कार्यक्रम में आकांक्षा की पदाधिकारी अलीशा अरशद, रानी मोहन, डॉ. प्रीति चौधरी, श्वेता प्रसाद, अंगीरा भारद्वाज, उषा सिंह, प्रीति सिंह, शांभवी सिंह, ऋचा सिंह, गीतिका कपूर, मधु गुप्ता और नंदिता सिंह सहित समिति की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।