गोरखपुर को 880 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर को करीब 880 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 495.24 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण का लोकार्पण और दूसरे चरण का शिलान्यास किया। इसके साथ ही 721.40 करोड़ रुपये की गोरखपुर सीवरेज योजना जोन ए-3 और 65.93 करोड़ रुपये की लागत से नाले के किनारे सड़क निर्माण का भी शिलान्यास किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा माफिया प्रवृत्ति की पार्टी है। जब भी उसे मौका मिला, उसने जमीनों पर जबरन कब्जा करने का काम किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गोरखपुर में अपराध, जाम, गंदगी और जलजमाव जैसी समस्याएं थीं, लेकिन अब कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। सरकार अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण में करीब 7.75 किलोमीटर लंबे आरसीसी नाले, 17.5 किलोमीटर सीवर लाइन, 38 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 61 एमएलडी पंपिंग स्टेशन का निर्माण किया गया है। इससे शहर के 17 वार्डों की जलनिकासी की समस्या दूर होगी। दूसरे चरण में 342 किलोमीटर सीवर लाइन और करीब 45 हजार सीवर कनेक्शन दिए जाएंगे। इससे लगभग ढाई से तीन लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। नाले के दोनों किनारों पर सड़क और वृक्षारोपण भी कराया जाएगा।

सीएम योगी ने बताया कि धर्मशाला बाजार से सुमेर सागर जाने वाले नाले को भी पक्का बनाने के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में अब नए उद्योग लग रहे हैं और पिछले 10 वर्षों में करीब 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने दीपावली पर लोगों से गरीब परिवारों के साथ खुशियां बांटने और उनके घरों में भी दीप जलाने की अपील की।

कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गोरखपुर विकास की नई मिसाल पेश कर रहा है। इस अवसर पर मंत्री डॉ. संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने बिछिया पुल से गोड़धोइया नाले का निरीक्षण भी किया।