केंद्रीय कैबिनेट के फैसलों पर सीएम योगी ने जताया आभार, कर्मचारियों और उद्योगों को मिलेगा लाभ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की ओर से लिए गए फैसलों का स्वागत करते हुए उनका आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने इन निर्णयों को देश के विकास और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला बताया। उन्होंने खास तौर पर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी को दीपावली से पहले दिया गया बड़ा उपहार बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि केंद्र सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनभोगियों की महंगाई राहत (डीआर) में 3 प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि को मंजूरी दी है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। इससे करीब 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस फैसले से कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक राहत मिलेगी।

केंद्रीय कैबिनेट के एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले के तहत 10,000 करोड़ रुपये की लागत वाली कंटेनर विनिर्माण संवर्धन योजना (CMPS) को भी मंजूरी दी गई है। यह योजना वित्त वर्ष 2039-40 तक लागू रहेगी। मुख्यमंत्री योगी ने इसे देश के औद्योगिक विकास की दिशा में दूरदर्शी कदम बताया। उनका कहना है कि इससे भारत में कंटेनर निर्माण से जुड़ा मजबूत उद्योग विकसित होगा और इस क्षेत्र में घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस योजना से कंटेनर निर्माण के लिए दूसरे देशों पर भारत की निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही देश की आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान एक बड़े कंटेनर निर्माण एवं निर्यात केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगी। इससे उद्योगों में निवेश बढ़ने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की भी उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने इन फैसलों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये निर्णय कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने के साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में सहायक होंगे। उनके मुताबिक, सरकार का ध्यान आम लोगों को राहत देने, औद्योगिक विकास को गति देने और भारत को आत्मनिर्भर बनाने पर है।