मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में भीषण आग, 9 लोग घायल; कई को सांस लेने में हुई परेशानी

मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में मंगलवार, 20 अक्टूबर को एक 13 मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग कोहिनूर एचडीआईएल बिल्डिंग नंबर 5 में लगी। देखते ही देखते इमारत में घना धुआं फैल गया, जिससे वहां रहने वाले लोगों को सांस लेने और बाहर निकलने में परेशानी होने लगी। इस हादसे में तीन बच्चों समेत कुल नौ लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, आग सुबह करीब 6 बजकर 53 मिनट पर इमारत के बिजली के डक्ट में लगी थी। इसके बाद बिजली के तारों और उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं के जरिए धुआं फैलने लगा। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।दमकलकर्मियों ने सुबह करीब 7 बजकर 21 मिनट तक आग पर काबू पा लिया।

इस हादसे में आठ लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी हुई, जबकि एक व्यक्ति के दाहिने पैर में चोट आई। घायलों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। सभी नौ लोगों को इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों की हालत स्थिर बताई गई है।

घटना के बाद दमकल विभाग, मुंबई पुलिस, नगर निगम के कर्मचारियों और एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर तैनात रहीं। बचाव दल ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। समय रहते आग पर काबू पाने से राहत कार्य में तेजी आई।

फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी में बिजली के डक्ट में आग लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद इमारत में हुए नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।