UDAN के अगले चरण के लिए 22 राज्यों के साथ MoU, क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगा विस्तार

नई दिल्ली, 22 सितंबर 2026। भारत में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने UDAN योजना के अगले चरण की शुरुआत की है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 22 राज्यों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) करने की प्रक्रिया शुरू की है। इस चरण में Challenge Mode और नई Routes Bidding Round की शुरुआत की जा रही है, जिसका उद्देश्य छोटे शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क से जोड़ना है। इन 22 राज्यों में आंध्र प्रदेश, बिहार, असम, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।

UDAN यानी ‘उड़े देश का आम नागरिक’ योजना की शुरुआत 2016 में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए की गई थी। जुलाई 2026 तक इसके तहत 95 एयरपोर्ट, हेलीपोर्ट और वाटर एयरोड्रोम से 679 रूट संचालित किए जा चुके थे और 1.68 करोड़ से ज्यादा यात्रियों ने इसका लाभ उठाया था अब Modified UDAN को वित्त वर्ष 2026-27 से 2035-36 तक 10 वर्षों के लिए लागू किया गया है। इसके लिए ₹28,840 करोड़ का कुल बजटीय प्रावधान किया गया है। योजना के तहत नए और कम सेवा वाले क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने के साथ क्षेत्रीय एयरपोर्ट और विमानन ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा। इस नए चरण के जरिए सरकार का लक्ष्य छोटे शहरों और दूरदराज के इलाकों तक हवाई सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और क्षेत्रीय विमानन व्यवस्था को अधिक टिकाऊ बनाना है।