नॉर्थ कोरिया पर 32.5 मिलियन डॉलर का हर्जाना, साउथ कोरिया की कोर्ट का बड़ा फैसला

दक्षिण कोरिया की एक अदालत ने नॉर्थ कोरिया को करीब 44.6 अरब वॉन यानी 32.5 मिलियन डॉलर (लगभग 270 करोड़ रुपये) का हर्जाना देने का आदेश दिया है। यह मामला साल 2020 में कैसोंग में बने अंतर-कोरियाई संयुक्त संपर्क कार्यालय को नॉर्थ कोरिया द्वारा विस्फोट करके नष्ट किए जाने से जुड़ा है। सियोल सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने दक्षिण कोरियाई सरकार के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कहा कि नॉर्थ कोरिया को हुए नुकसान की भरपाई करनी होगी।

यह संपर्क कार्यालय दोनों देशों के बीच बातचीत और संपर्क बनाए रखने के उद्देश्य से 2018 में पनमुनजोम घोषणा के बाद बनाया गया था। हालांकि, जून 2020 में उत्तर कोरिया ने इसे विस्फोट के जरिए गिरा दिया। उस समय दोनों देशों के बीच रिश्तों में तनाव काफी बढ़ गया था। दक्षिण कोरिया से उत्तर कोरिया विरोधी पर्चे और गुब्बारे भेजे जाने को लेकर भी प्योंगयांग ने नाराजगी जताई थी। कोरोना महामारी के कारण उस समय कार्यालय में नियमित गतिविधियां भी प्रभावित थीं और विस्फोट के वक्त वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।

दक्षिण कोरियाई सरकार ने जून 2023 में इस मामले को अदालत में ले जाते हुए नॉर्थ कोरिया से नुकसान की भरपाई की मांग की थी। सरकार का कहना था कि संपर्क कार्यालय को नष्ट करना गैरकानूनी कार्रवाई थी और इससे दोनों देशों के बीच बातचीत और सहयोग की कोशिशों को बड़ा झटका लगा। अदालत ने अब सरकार द्वारा मांगी गई पूरी राशि के बराबर हर्जाना देने का आदेश दिया है और मुकदमे से जुड़े खर्च की जिम्मेदारी भी नॉर्थ कोरिया पर डाली है।

हालांकि, अदालत के फैसले के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि नॉर्थ कोरिया से इस रकम की वसूली कैसे होगी? दोनों देशों के बीच मौजूदा तनाव को देखते हुए दक्षिण कोरिया के लिए इस फैसले को व्यवहारिक रूप से लागू करना आसान नहीं है। नॉर्थ कोरिया ने अभी तक फैसले पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। कानूनी तौर पर यह फैसला दक्षिण कोरिया के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन इसका वास्तविक आर्थिक असर इस बात पर निर्भर करेगा कि हर्जाने की रकम की वसूली हो पाती है या नहीं।