12 साल Oracle में नौकरी, फिर अचानक लॉगिन बंद; भारतीय पत्नी ने उठाए सवाल, बोलीं- पति ने हर त्योहार पर काम किया

अमेरिकी टेक कंपनी Oracle में 12 साल तक काम करने वाले भारतीय मूल के टेक प्रोफेशनल सौरभ साहू की नौकरी जाने का मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। उनकी पत्नी पूजा साहू ने LinkedIn पर एक भावुक पोस्ट लिखकर कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पत्नी के मुताबिक, सौरभ को नौकरी से निकाले जाने की कोई पूर्व सूचना या औपचारिक बातचीत नहीं हुई। उन्हें इसका पता तब चला जब वह अपने Oracle सिस्टम में लॉगिन नहीं कर सके।

पूजा ने बताया कि उनके पति ने Oracle में करीब 12 साल तक पूरी लगन से काम किया। उनके अनुसार, सौरभ ने कई बार निजी और पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद काम को प्राथमिकता दी। पत्नी ने दावा किया कि जब वह खुद पॉलीप्स की सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती थीं, तब भी सौरभ अस्पताल से काम करते रहे। न्यू मैक्सिको की छुट्टी के दौरान भी वह ऑन-कॉल रहे। यहां तक कि होली, दिवाली, राखी, जन्मदिन, शादी की सालगिरह और सप्ताहांत जैसे मौकों पर भी उन्होंने काम किया।

पूजा के मुताबिक, कुछ सप्ताह पहले ही दोनों ने एक कुत्ता गोद लिया था। उनका कहना है कि सौरभ दिनभर की जिम्मेदारियों के बाद रात करीब 3 बजे तक काम करते थे और कभी-कभी इसी वजह से उनकी तबीयत भी खराब हो गई। उन्होंने अपने पति को ऐसा कर्मचारी बताया जो लगातार दबाव के बावजूद मुस्कुराकर काम करता रहा और जरूरत पड़ने पर अपने सहकर्मियों की मदद करता था। उनके अनुसार, सौरभ का IT क्षेत्र में करीब दो दशक का अनुभव है और उन्हें अपने करियर में Best Employee Award भी मिल चुका है।

पूजा ने अपनी पोस्ट में कंपनी से ज्यादा उस कॉर्पोरेट संस्कृति पर सवाल उठाया जिसमें वर्षों की मेहनत और वफादारी के बावजूद नौकरी खत्म होने की सूचना बेहद अचानक मिल सकती है। उन्होंने लोगों से सौरभ के लिए नए अवसरों की जानकारी साझा करने की अपील भी की। उनकी पोस्ट के बाद कई लोगों ने कॉर्पोरेट सेक्टर में नौकरी की असुरक्षा, वर्क-लाइफ बैलेंस और कर्मचारियों की वफादारी के मूल्य को लेकर अपनी राय रखी।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब Oracle में सितंबर 2026 में एक और छंटनी का दौर शुरू होने की खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 14 सितंबर से कई कर्मचारियों को ईमेल के जरिए बताया गया कि उनका पद व्यापक संगठनात्मक बदलाव के तहत खत्म किया जा रहा है और उसी दिन उनका आखिरी कार्यदिवस होगा। प्रभावित कर्मचारियों को कंपनी की शर्तों के अनुसार सेवरेंस पैकेज दिए जाने की बात भी सामने आई है।

Oracle में इस साल पहले भी बड़े पैमाने पर छंटनी की खबरें सामने आई थीं। भारत में मार्च-अप्रैल के दौरान करीब 12,000 कर्मचारियों के प्रभावित होने की रिपोर्ट आई थी, हालांकि अलग-अलग रिपोर्टों में संख्या और सेवरेंस की शर्तों को लेकर अंतर रहा है।

सौरभ की पत्नी की पोस्ट ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि किसी कर्मचारी के वर्षों के योगदान और व्यक्तिगत त्याग का कॉर्पोरेट छंटनी के समय कितना महत्व रह जाता है। पूजा ने अपने पति के समर्थन में संदेश देते हुए उम्मीद जताई कि नौकरी जाने के बावजूद उनके लिए आगे बेहतर अवसर आएंगे।