यूपी में फिर चली ट्रांसफर एक्सप्रेस, 20 IPS अधिकारियों के तबादले

उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 20 IPS अधिकारियों का तबादला किया है। इस बदलाव के तहत कई जिलों के पुलिस कप्तानों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। करीब 10 जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों की तैनाती की गई है। सरकार के इस फैसले के बाद इन जिलों में कानून-व्यवस्था की कमान अब नए अधिकारियों के हाथों में होगी।

तबादला सूची में रवीना त्यागी को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट से हटाकर बाराबंकी का SP बनाया गया है। वहीं बाराबंकी के SP रहे अर्पित विजयवर्गीय को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में DCP की जिम्मेदारी दी गई है। यशवीर सिंह को बस्ती से हटाकर जौनपुर का SP बनाया गया है, जबकि जौनपुर के SP कुंवर अनुपम सिंह को PAC मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है।

इसके अलावा ईराज राजा को बलिया, विनय कुमार सिंह को गाजीपुर और सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का SSP बनाया गया है। बागपत, हापुड़, जालौन, बरेली और आजमगढ़ समेत कई जिलों में भी पुलिस अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।

वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर भी बदलाव हुआ है। ए. सतीश गणेश से ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार वापस लेकर उन्हें ADG ट्रैफिक एवं सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं भगवान एस. श्रीवास्तव को ADG तकनीकी सेवाओं के साथ ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल का असर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग पर देखने को मिलेगा। नए अधिकारियों के सामने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और पुलिस प्रशासन को और प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।