मुंबई: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, हिंगोली जिले के पास 4.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसके झटके हिंगोली, नांदेड़, परभणी और आसपास के इलाकों में महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए दहशत फैल गई।
भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, संबंधित विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
अधिकारियों ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंप के बाद यदि हल्के झटके महसूस हों तो घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रहें और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।




