Paris Haute Couture वीक में छाईं ईशा अंबानी, राहुल मिश्रा के ‘देवी’ कलेक्शन में बिखेरा जलवा

नई दिल्ली: ईशा अंबानी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय फैशन जगत में भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने पेरिस हाउते कुट्योर वीक 2026 में भारतीय फैशन डिजाइनर राहुल मिश्रा के बहुचर्चित ‘देवी’ कलेक्शन के शो में शिरकत की और अपने शानदार लुक से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

ईशा अंबानी ने इस अवसर पर राहुल मिश्रा द्वारा तैयार किया गया ग्रे रंग का कस्टम हाउते कुट्योर परिधान पहना। इस ड्रेस में स्ट्रक्चर्ड कॉर्सेट, महीन हैंड एम्ब्रॉयडरी, क्रिस्टल और बीडवर्क का खूबसूरत संयोजन देखने को मिला। उन्होंने इस लुक को मैचिंग स्टोल, डायमंड ज्वेलरी और एलिगेंट हेयरस्टाइल के साथ पूरा किया, जिसने उनके अंदाज़ को और भी शाही बना दिया।रिपोर्ट्स के अनुसार, ईशा अंबानी के लुक का सबसे बड़ा आकर्षण उनका बेहद दुर्लभ हर्मेस सैक बिजू बिरकिन बैग रहा, जो 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड और हजारों हीरों से जड़ा हुआ है।

यह बैग पहले नीता अंबानी के पास भी देखा जा चुका है और दुनिया के सबसे दुर्लभ लग्जरी हैंडबैग्स में गिना जाता है।इस वर्ष पेरिस हाउते कुट्योर वीक में दुनिया भर की कई मशहूर हस्तियां शामिल हुईं। फ्रंट रो में प्रियंका चोपड़ा जोनास, कार्डी बी सहित कई अंतरराष्ट्रीय सितारे नजर आए। वहीं राहुल मिश्रा का ‘देवी’ कलेक्शन भारतीय कला, संस्कृति और शिल्पकला से प्रेरित था, जिसे फैशन विशेषज्ञों ने खूब सराहा।

ईशा अंबानी की यह उपस्थिति एक बार फिर साबित करती है कि भारतीय फैशन और शिल्पकला वैश्विक मंच पर लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। उनके स्टाइल और भारतीय डिजाइनरों को दिए जा रहे समर्थन की सोशल मीडिया पर भी व्यापक चर्चा हो रही है।