जम्मू में रेलवे स्टेशन के सामने स्थित शिव मार्केट में भीषण आग लगने से करीब 40 दुकानें जलकर राख हो गईं। इस हादसे में व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। जिन दुकानों से कई परिवारों की रोजी-रोटी चलती थी, वहां अब जला हुआ सामान और राख दिखाई दे रही है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10:30 बजे बाजार में आग लगी। शुरुआत एक दुकान से होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन कुछ ही देर में आग आसपास की दुकानों तक फैल गई। बाजार में सूखे मेवे, कंबल और अन्य सामान की दुकानें थीं। इन दुकानों में रखे सामान के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।
आग पर काबू पाने के लिए सात फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकलकर्मियों ने कई घंटों तक आग बुझाने की कोशिश की। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सोमवार तड़के लगभग 3:15 बजे आग पर काबू पाया जा सका। बाजार की संकरी गलियों के कारण दमकलकर्मियों को राहत और बचाव कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।





