जमशेदपुर में खाद्य विभाग की छापेमारी, होटल केनेलाइट में मिला एक्सपायर्ड चिकन-मटन

झारखंड के जमशेदपुर में त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। होटल आहार, गोल्डी और हल्दीराम समेत कई जगहों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। वहीं, साकची स्थित होटल केनेलाइट में एक्सपायर्ड चिकन और मटन मिलने का मामला सामने आया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने होटल केनेलाइट में मिले एक्सपायर्ड चिकन और मटन को मौके पर ही नष्ट करा दिया। अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को खाद्य सामग्री के रखरखाव में सावधानी बरतने और तय मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

जांच के दौरान साकची स्थित होटल आहार के किचन में गंदगी और अव्यवस्था भी पाई गई। टीम ने होटल से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इसके अलावा मानगो स्थित गोल्डी होटल और बिष्टुपुर के हल्दीराम से भी नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

यह अभियान झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग और पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के निर्देश पर चलाया गया। अधिकारियों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखना और लोगों को खराब या मिलावटी भोजन से बचाना है। अभियान के तहत शहर के अन्य इलाकों में भी होटलों, मिठाई की दुकानों और ठेले-खोमचे की जांच की गई। कुछ जगहों पर खराब तेल और मसालों को भी नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और खाना तैयार करने व परोसने के दौरान दस्ताने तथा सिर ढकने वाले कवर का इस्तेमाल करने की हिदायत भी दी गई है।