चक्रवात अर्नब का असर, रांची में 28 और 29 अक्टूबर को 12वीं तक के स्कूल बंद

झारखंड की राजधानी रांची में चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 28 और 29 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी स्कूलों में कक्षा KG से 12वीं तक पढ़ाई स्थगित रखने का आदेश जारी किया गया है। यह आदेश सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी स्कूलों पर लागू होगा। मौसम विभाग ने रांची में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है। लगातार बारिश से सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है। इसके अलावा कमजोर मकानों, पेड़ों और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका जताई गई है। ऐसे में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई रोकने का फैसला लिया है।

जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, निजी स्कूलों में पहले से निर्धारित परीक्षाओं को लेकर स्कूल प्रबंधन फैसला ले सकता है। हालांकि, इस बारे में जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय को सूचना देना जरूरी होगा। विद्यार्थियों की कक्षाएं स्थगित रहने के बावजूद शिक्षकों को स्कूल में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।

प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों को जलभराव वाले रास्तों, उफनते नालों और नदियों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही, आंधी और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों तथा बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने और बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है। प्रशासन मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।