गोंडा-बहराइच में बनेंगे 5 पुल, 100 करोड़ से सड़क चौड़ीकरण

उत्तर प्रदेश के गोंडा और बहराइच जिलों में सड़क और कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर विकास कार्यों की योजना तैयार की गई है। दोनों जिलों में 13.58 करोड़ रुपये की लागत से पांच पुलों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही गोंडा-बहराइच मार्ग के चौड़ीकरण की भी तैयारी है, जिसके लिए गोंडा क्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। पुलों के निर्माण के लिए शासन की ओर से पहली किस्त के तौर पर 2.71 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।

गोंडा जिले में चार पुलों के निर्माण पर करीब 9.47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें सोनौली मोहम्मदपुर के रघुवैश्यपुरवा स्थित नाले पर करीब 4.95 करोड़ रुपये, प्राथमिक विद्यालय नकदही के सामने चंदहा नाले पर 2.83 करोड़ रुपये, हरिवंशपुर-बल्ली के बीच स्थानीय नाले पर 71 लाख रुपये और जैतपुर संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त डिप की जगह 97 लाख रुपये की लागत से पुल बनाने की योजना है। वहीं बहराइच में एक पुल के निर्माण पर करीब 4.10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन परियोजनाओं से ग्रामीण और स्थानीय क्षेत्रों में आवागमन आसान होने के साथ बारिश और जलभराव के दौरान आने-जाने की परेशानी भी कम होने की उम्मीद है।

इसके अलावा गोंडा-बहराइच स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण की योजना भी प्रस्तावित है। गोंडा क्षेत्र में मिश्रौलिया ओवरब्रिज से आर्यनगर के आगे बहराइच बॉर्डर तक करीब 18 किलोमीटर सड़क को 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव है। वहीं बहराइच की ओर सड़क चौड़ीकरण का काम पहले से चल रहा है और इसके लिए अतिरिक्त धनराशि भी जारी की गई है। सड़क चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होने, जाम की समस्या कम होने और गोंडा-बहराइच के बीच आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। हालांकि, गोंडा क्षेत्र के करीब 100 करोड़ रुपये के सड़क चौड़ीकरण प्रस्ताव पर शासन की अंतिम मंजूरी अभी बाकी है।