केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नरेश पाल गंगवार को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग (Department of Higher Education) का नया सचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर कथित NEET पेपर लीक विवाद, को लेकर देशभर में छात्रों का आंदोलन जारी है।
नरेश पाल गंगवार 1994 बैच के राजस्थान कैडर के IAS अधिकारी हैं। उन्होंने बी.टेक., एम.टेक. और अर्थशास्त्र में एम.ए. की शिक्षा प्राप्त की है। प्रशासनिक सेवा में आने से पहले उनका शैक्षणिक और तकनीकी क्षेत्र से भी गहरा जुड़ाव रहा है।
अपने लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने राजस्थान सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है।
वे स्कूल शिक्षा विभाग में सचिव भी रह चुके हैं और हाल ही में केंद्र सरकार में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत थे। अब उन्हें उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है
सरकार ने इस फेरबदल के तहत पूर्व उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी का तबादला पंचायती राज मंत्रालय में कर दिया है। माना जा रहा है कि शिक्षा क्षेत्र में सुधार, परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने और छात्रों का भरोसा बहाल करने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है।
शिक्षा मंत्रालय में नई जिम्मेदारी संभालने के बाद नरेश पाल गंगवार के सामने परीक्षा सुधार, उच्च शिक्षा संस्थानों में पारदर्शिता बढ़ाने और छात्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रभावी निर्णय लेने की बड़ी चुनौती होगी।




