केरल के एर्नाकुलम जिले के अंंगमाली के करुकुट्टी इलाके में 36 वर्षीय लॉटरी विक्रेता महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला की पहचान तिरुवनंतपुरम निवासी फ्लोरेंसी के रूप में हुई है। उनका शव पल्लियांगडी स्थित किराए के मकान से बरामद किया गया, जहां वह अकेली रहती थीं। पुलिस के अनुसार, शव करीब चार दिन पुराना था और काफी सड़-गल चुका था।सबसे ज्यादा संदेह उस समय गहराया जब शव घर के अंदर नग्न अवस्था में मिला और मकान का पिछला दरवाजा खुला हुआ था। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या समेत अन्य संभावनाओं की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक पुलिस ने मौत को हत्या करार नहीं दिया है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
फ्लोरेंसी करीब चार महीने पहले करुकुट्टी आई थीं और अंंगमाली केएसआरटीसी बस स्टैंड के आसपास लॉटरी टिकट बेचकर अपना गुजारा करती थीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने एक ब्रोकर की मदद से किराए का मकान लिया था। वह घर में अकेली रहती थीं।
पिछले कुछ दिनों से जब फ्लोरेंसी से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया तो मकान दिलाने वाले ब्रोकर ने करुकुट्टी पंचायत अध्यक्ष बाबू सानी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पंचायत अध्यक्ष मौके पर पहुंचे, लेकिन घर बंद मिला। वहां से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घर की जांच के दौरान महिला का शव बरामद किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए अंंगमाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। पुलिस घर के अंदर और आसपास से सबूत जुटा रही है, जबकि शव को आगे की जांच के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट से मौत की वजह और घटनाक्रम को समझने में अहम मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घर का पिछला दरवाजा खुला कैसे रह गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या घटना से पहले कोई व्यक्ति महिला के संपर्क में था। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की तस्वीर साफ होगी।





