सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर एकजुट हुआ यूपी, रन फॉर यूनिटी से दिया एकता का संदेश

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर 31 अक्टूबर को पूरे उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में रन फॉर यूनिटी, प्रभात फेरी, शपथ ग्रहण, भाषण प्रतियोगिताओं और संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

राजधानी लखनऊ में जनभवन से केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक रन फॉर यूनिटी रैली निकाली गई। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। इसमें विद्यार्थियों, युवाओं, अधिकारियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। वहीं गोमतीनगर के भागीदारी भवन में आयोजित युवा संवाद में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य और राज्य मंत्री असीम अरुण ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

प्रदेश के सरकारी कार्यालयों और पुलिस थानों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ ली। गाजियाबाद, महराजगंज, कौशाम्बी, गोरखपुर और मुजफ्फरनगर में भी कार्यक्रम आयोजित हुए। गोरखपुर में द्वितीय वाहिनी विशेष सुरक्षा बल के सेनानायक रवि शंकर निम ने जवानों को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से देश की सेवा करने की शपथ दिलाई।

उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में चारबाग रेलवे स्टेडियम में रेलकर्मियों को शपथ दिलाई गई। इसके बाद स्टेडियम से लखनऊ रेलवे स्टेशन तक रन फॉर यूनिटी निकाली गई, जिसमें रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, आरपीएफ जवान और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्य शामिल हुए। वहीं स्कूलों में प्रभात फेरी, भाषण प्रतियोगिताओं और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन और योगदान के बारे में बताया गया। मिर्जापुर के सरदार जिला संप्रेक्षा गृह और स्थानीय निकाय निदेशालय में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

प्रदेशभर में प्रशासन, पुलिस, रेलवे, शिक्षण संस्थानों और आम नागरिकों की भागीदारी से राष्ट्रीय एकता दिवस का संदेश जन-जन तक पहुंचा। इन आयोजनों के माध्यम से सरदार पटेल के विचारों को याद करते हुए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत किया गया।