राहुल गांधी ने शेयर किया पिता राजीव गांधी का लिखा खत, बोले- ‘मेरे पिता ने हर जीव से प्रेम और सम्मान करना सिखाया’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपने पिता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का लिखा एक पुराना खत सोशल मीडिया पर साझा किया। इस खत के साथ राहुल ने अपने पिता से मिली सीख को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने उन्हें हर जीव के साथ प्रेम और सम्मान से पेश आना सिखाया है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर खत की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘यह मेरे पिता की दी गई सीख की अच्छी झलक है कि हर जीव के साथ प्रेम और सम्मान से व्यवहार करना चाहिए।’ उनकी इस पोस्ट को पिता की सीख और उनके विचारों से जोड़कर देखा जा रहा है।

दरअसल, यह खत राजीव गांधी ने 7 फरवरी 1990 को किशोर आजवानी नाम के व्यक्ति को लिखा था। पत्र में राजीव गांधी ने लिखा था कि जिन लोगों ने किशोर का पत्र पढ़कर उन्हें भेजा, उनमें से किसी ने भी उनका मजाक नहीं उड़ाया और न ही उन्होंने खुद ऐसा किया।

राजीव गांधी ने पत्र में आगे लिखा कि किसी भी व्यक्ति का समय इतना कीमती नहीं हो सकता कि वह किसी की शुभकामनाओं और भावनाओं को समझने के लिए थोड़ा समय न निकाल सके। उन्होंने कहा कि जिसके मन में दूसरों के लिए सहानुभूति और अच्छी भावनाएं हैं और जो उन्हें जाहिर करने का साहस रखता है, वह कभी भी महत्वहीन नहीं हो सकता। पत्र के आखिर में उन्होंने किशोर को शुभकामनाएं भी दी थीं।

इस पोस्ट को साझा करने से पहले राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर आमने-सामने बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री उनके साथ बहस करने से बच रहे हैं और उनके मन में डर है। राहुल ने कहा कि वह बहस के जरिए देश के सामने कई मुद्दों पर अपनी बात रखना चाहते हैं।

राहुल गांधी की इस पोस्ट के बाद राजीव गांधी का लिखा पुराना पत्र एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस पत्र के जरिए राहुल ने अपने पिता की उस सीख को सामने रखा है, जिसमें हर जीव के प्रति प्रेम, सम्मान और दूसरों की भावनाओं को समझने की बात कही गई है।