कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमने-सामने सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है। 13 नवंबर को इंस्टाग्राम पर आयोजित सवाल-जवाब के एक सेशन में राहुल गांधी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री के साथ वन-ऑन-वन डिबेट करना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर दोनों नेताओं के बीच खुली बहस होती है, तो कई ऐसे मुद्दे सामने आएंगे जिनका जवाब देश जानना चाहता है।
राहुल गांधी ने कहा कि वह लंबी-लंबी भाषणबाजी के बजाय सीधे सवाल-जवाब करना चाहते हैं। उनके मुताबिक, बहस में एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हों और दूसरी तरफ वह खुद बैठें। दोनों नेताओं को एक-दूसरे से सवाल पूछने और अपने आरोपों पर जवाब देने का पूरा मौका मिलना चाहिए।
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बहस के लिए जज के तौर पर उद्योगपति गौतम अडानी या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत के नाम से भी कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अगर प्रधानमंत्री उनके साथ आमने-सामने बहस करते हैं, तो इसके बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे।
राहुल गांधी ने यह भी बताया कि वह संसद में कई अहम मुद्दे उठाना चाहते थे, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का पूरा मौका नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में कई बार उनका माइक बंद कर दिया गया। इस दौरान उन्होंने कृषि कानूनों, वोट चोरी के आरोपों, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR, चीन और पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब का भी जिक्र किया।
इसी बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनका फोन टैप कराने का आरोप भी लगाया। उन्होंने अपना मोबाइल दिखाते हुए दावा किया कि उनके फोन में उनके लगाए गए आरोपों से जुड़े सबूत मौजूद हैं। हालांकि, इस बातचीत के दौरान उन्होंने फोन टैपिंग के आरोप को साबित करने वाला कोई तकनीकी सबूत सार्वजनिक नहीं किया।राहुल गांधी की इस चुनौती पर बीजेपी पहले भी सवाल उठा चुकी है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि संसद में पहले से ही सरकार और विपक्ष के बीच बहस करने का मंच मौजूद है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी राहुल गांधी से कहा था कि उन्हें नेता प्रतिपक्ष के पद की जिम्मेदारी समझते हुए संसद में चर्चा करनी चाहिए।
राहुल गांधी इससे पहले भी कई बार प्रधानमंत्री मोदी को खुली बहस की चुनौती दे चुके हैं। ताजा बयान के बाद एक बार फिर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या बीजेपी की ओर से राहुल गांधी की इस नई चुनौती पर क्या प्रतिक्रिया दी जाती है।





