पुणे में सड़क से रसोई तक महंगाई का झटका! CNG-PNG की कीमतों में बढ़ोतरी, जानें नई दरें

पुणे: महंगाई की मार अब वाहन चालकों से लेकर घरेलू गैस उपभोक्ताओं तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में CNG और पाइप से मिलने वाली घरेलू PNG गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड (MNGL) ने CNG के दाम में 1.25 रुपये प्रति किलो और PNG के दाम में 1.50 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की वृद्धि की है। नई दरें 13 नवंबर से लागू हो गई हैं।

इस बढ़ोतरी के बाद पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में CNG की कीमत 97.75 रुपये से बढ़कर 99 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं, घरेलू PNG की कीमत 51.50 रुपये से बढ़कर 53 रुपये प्रति SCM पहुंच गई है। इसका असर चाकण, तलेगांव और हिंजवड़ी जैसे आसपास के इलाकों में भी देखने को मिलेगा।

कंपनी के मुताबिक, गैस की खरीद लागत बढ़ने और आयातित गैस महंगी होने के कारण कीमतों में यह बदलाव किया गया है। गैस की आपूर्ति में आयातित गैस की हिस्सेदारी बढ़ने से कंपनी का खर्च भी बढ़ा है।

CNG की कीमतों में बढ़ोतरी से ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चलाने वाले लोगों का खर्च बढ़ेगा। वहीं, PNG के दाम बढ़ने से घरों में पाइप के जरिए गैस इस्तेमाल करने वाले परिवारों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। पहले से महंगाई का सामना कर रहे लोगों के लिए यह एक और झटका है।

हालांकि, MNGL का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद CNG पेट्रोल और डीजल के मुकाबले किफायती ईंधन बना हुआ है। अब नई दरें लागू होने के बाद वाहन चालकों और घरेलू उपभोक्ताओं को गैस के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।