प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 21 नवंबर को पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में IIT खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के 75 साल के सफर की सराहना की और छात्रों को विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “मेरे स्वभाव में ही है कि मैं चुनौती को चुनौती दिए बिना रह नहीं सकता।
“प्रधानमंत्री ने कहा कि IIT खड़गपुर आजादी के बाद देश का पहला IIT बना था। इस संस्थान ने शिक्षा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में देश को कई प्रतिभाशाली लोग दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिस जगह कभी स्वतंत्रता सेनानियों को रखा जाता था, आज वहीं से निकलने वाले युवा देश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे रहे हैं।
पीएम मोदी ने युवाओं से अपनी सोच की सीमाएं तोड़ने और बड़े लक्ष्य तय करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की ताकत उसकी चुनौतियों का सामना करने की क्षमता से पता चलती है। भारत को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं को अपनी प्रतिभा पर भरोसा करना होगा और मुश्किल काम करने से पीछे नहीं हटना होगा।
प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की प्रगति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन क्षेत्रों में नए अवसर तैयार किए हैं। पहले जहां अंतरिक्ष क्षेत्र में सरकारी संस्थानों की भूमिका ज्यादा थी, वहीं अब निजी कंपनियां और स्टार्टअप भी इसमें योगदान दे रहे हैं। उन्होंने IIT खड़गपुर के पूर्व छात्र पवन की कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस का उदाहरण भी दिया।
पीएम मोदी ने छात्रों से कहा कि आने वाले वर्षों में देश के विकास में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने युवाओं को ‘नेशन फर्स्ट’ यानी राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने का संदेश दिया। साथ ही अपील की कि जब IIT खड़गपुर अपनी 100वीं वर्षगांठ मनाए, तब तक भारत को विकसित देश बनाने के लक्ष्य में सभी अपना योगदान दें।





