भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बीच पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक का दिल्ली में दिया गया बयान चर्चा में है। भारत दौरे पर पहुंचे पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री ने पुराना किला में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद कार्यक्रम में भारत के इतिहास और साझा सांस्कृतिक विरासत की तारीफ की। अपने संबोधन में उन्होंने मुगल शासक हुमायूं और शेरशाह सूरी का जिक्र करते हुए दोनों के ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
मुसादिक मलिक ने कहा कि पुराना किला इतिहास की कई कहानियां अपने अंदर समेटे हुए है। इसकी नींव मुगल शासक हुमायूं ने रखी थी, जबकि बाद में शेरशाह सूरी ने इसके निर्माण को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि एक ही ऐतिहासिक इमारत में दो प्रतिद्वंद्वी शासकों की विरासत का जुड़ना इतिहास की एक खास मिसाल है।
अपने भाषण में पाकिस्तानी मंत्री ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और ऐतिहासिक विरासत की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अलग-अलग संस्कृतियों और विचारों के बीच बातचीत से आपसी समझ बढ़ती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देशों को एक-दूसरे की पहचान और विविधता का सम्मान करना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने मशहूर शायर मिर्जा गालिब का भी जिक्र किया। मलिक ने बताया कि गालिब की कब्र के पास बैठकर अंग्रेजी में बोलना उन्हें उचित नहीं लगा, इसलिए उन्होंने उर्दू में अपनी बात रखी। उन्होंने गालिब को भारत और पाकिस्तान की साझा साहित्यिक विरासत का प्रतीक बताया।
गौरतलब है कि मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय SCO सभ्यतागत संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेने भारत पहुंचे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देना है। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
हालांकि, पाकिस्तानी मंत्री ने साफ किया कि उनका भारत दौरा SCO के बहुपक्षीय कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए है। इसे भारत-पाकिस्तान के द्विपक्षीय संबंधों में सुधार से सीधे जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव के माहौल में उनका यह दौरा और पुराना किला में दिया गया बयान खास चर्चा का विषय बन गया है।





