पाकिस्तान ने किया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान, रिजवान समेत 13 खिलाड़ियों की छुट्टी; 38 क्रिकेटरों को मिली जगह

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साल 2026-27 के लिए पुरुष क्रिकेट टीम के नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है। इस बार बोर्ड ने कुल 38 खिलाड़ियों को अनुबंध में जगह दी है, जबकि पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान समेत 13 खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है। बोर्ड के इस फैसले ने पाकिस्तान क्रिकेट में नई चर्चा शुरू कर दी है। नए अनुबंध 30 जून 2027 तक लागू रहेंगे। इस बार खिलाड़ियों को उनके खेल के फॉर्मेट के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में रखा गया है।

इस सूची से बाहर होने वाले सबसे चर्चित नाम मोहम्मद रिजवान का है। उनके अलावा शान मसूद, सईम अयूब, हसन अली, अब्दुल्लाह शफीक, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, नोमान अली, हुसैन तलत, खुर्रम शहजाद, खुशदिल शाह, मोहम्मद अब्बास अफरीदी और मोहम्मद वसीम जूनियर को भी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिला है। इनमें कई खिलाड़ी ऐसे हैं जो पहले पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम का अहम हिस्सा रह चुके हैं।

नए कॉन्ट्रैक्ट में टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में सिर्फ बाबर आजम और सलमान अली आगा को जगह मिली है। टेस्ट फॉर्मेट में अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, साजिद खान और सऊद शकील को शामिल किया गया है। वहीं, वनडे और टी-20 दोनों फॉर्मेट के अनुबंध में अबरार अहमद, अराफात मिन्हास, फखर जमान, फहीम अशरफ, हारिस रऊफ और शाहीन शाह अफरीदी को जगह मिली है।

टी-20 फॉर्मेट के अनुबंध में हसन नवाज, माज सदाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, शादाब खान और उस्मान तारिक शामिल हैं। खास बात यह है कि इस बार किसी भी खिलाड़ी को तीनों फॉर्मेट का अनुबंध नहीं दिया गया है।

इसके अलावा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए डेवलपमेंट कैटेगरी भी बनाई है। इसमें कुल 19 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इस सूची में अब्दुल समद, अब्दुल्ला फजल, अहमद दानियाल, अली रजा, फरहान यूसुफ, हुनैन शाह, मोहम्मद ताहा, मोहम्मद तैयब आरिफ, मोहम्मद गाजी घोरी, मोहम्मद इमरान रंधावा, रजाउल्लाह, साद बेग, साद मसूद, समीर मिन्हास, साकिब खान, शहजैब खान, शामिल हुसैन, सुफियान मुकीम और उबैद शाह के नाम शामिल हैं।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के डायरेक्टर हाई परफॉर्मेंस आकिब जावेद ने साफ किया है कि सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह नहीं मिलने का मतलब यह नहीं है कि किसी खिलाड़ी के लिए राष्ट्रीय टीम के दरवाजे बंद हो गए हैं। मोहम्मद रिजवान समेत बाहर किए गए खिलाड़ी भी अपने प्रदर्शन के आधार पर टीम में वापसी कर सकते हैं। यानी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट और राष्ट्रीय टीम में चयन दोनों अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के इस फैसले से साफ है कि वह अब खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उनकी फॉर्मेट में उपयोगिता को ध्यान में रखकर टीम की भविष्य की योजना तैयार कर रहा है। वहीं, 19 युवा खिलाड़ियों को डेवलपमेंट कैटेगरी में शामिल करना नए क्रिकेटरों को मौका देने की दिशा में बड़ा कदम है। अब देखना होगा कि इस बदलाव से पाकिस्तान क्रिकेट को कितना फायदा मिलता है।