राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025: 17 खिलाड़ियों को मिला अर्जुन पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित, देखें पूरी लिस्ट

देश के खेल जगत के लिए 13 नवंबर का दिन खास रहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान किए। इस दौरान खेल के अलग-अलग क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन करने वाले 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वाले खिलाड़ियों में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, हॉकी, शतरंज, कबड्डी और निशानेबाजी जैसे खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं।

अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल, प्रियंका गोस्वामी, दिव्या देशमुख और विदित गुजराती जैसे नाम शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को गौरवान्वित किया है।

अर्जुन पुरस्कार पाने वाले 17 खिलाड़ियों की सूची में तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल और प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स), त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), नरेंद्र (मुक्केबाजी), विदित गुजराती और दिव्या देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (बधिर निशानेबाजी), लालरेम्सियामी और राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत और पूजा (कबड्डी), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा निशानेबाजी), एकता भ्यान (पैरा एथलेटिक्स), अरविंद सिंह (रोइंग) और अखिल श्योराण (निशानेबाजी) शामिल हैं।

इसके अलावा फुटबॉल से जुड़े आई. अरुमैनायगम को अर्जुन पुरस्कार की लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मानित किया गया। वहीं, कोचिंग के क्षेत्र में योगदान के लिए परवीर सिंह (एथलेटिक्स), छोटे लाल यादव (मुक्केबाजी) और नेहा नंदकुमार चव्हाण (निशानेबाजी) को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया। धर्मेंद्र सिंह यादव (मुक्केबाजी) और वीरेंद्र कुमार (कुश्ती) को द्रोणाचार्य पुरस्कार की लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मान मिला।

खेलों को बढ़ावा देने और उनके विकास में योगदान के लिए पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वालों का चयन अनुभवी खिलाड़ियों, खेल पत्रकारों और खेल प्रशासकों की समिति की सिफारिशों के आधार पर किया गया।

गौरतलब है कि अर्जुन पुरस्कार की शुरुआत 1961 में हुई थी। यह सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने लगातार चार वर्षों तक खेलों में शानदार प्रदर्शन किया हो और अनुशासन, खेल भावना तथा नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया हो। पुरस्कार के तहत विजेताओं को 15 लाख रुपये की नकद राशि, अर्जुन की कांस्य प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है।