किरेन रिजिजू ने की 6 घंटे की कठिन ट्रेकिंग, बोले- ‘गिरे तो हड्डियां भी नहीं मिलेंगी’

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू एक बार फिर अपने एडवेंचर अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के बिचोम जिले में स्थित 8वीं सदी के गुरुपद्म संभव स्तूप तक पहुंचने के लिए करीब 6 घंटे तक पहाड़ों पर पैदल चढ़ाई की। इस दौरान उन्होंने रास्ते की मुश्किलों और खतरनाक ऊंचाई का भी जिक्र किया।

रिजिजू ने इस यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी शेयर किया। वीडियो में वह हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर पहाड़ पर चढ़ते दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ कई अधिकारी भी मौजूद थे। रास्ते में घनी झाड़ियां और कठिन चढ़ाई होने के कारण अधिकारियों को धारदार औजारों से झाड़ियां काटकर रास्ता बनाना पड़ा।

चोटी पर पहुंचने के बाद रिजिजू ने वहां मौजूद अधिकारियों के साथ खाना भी खाया। उन्होंने बताया कि पहाड़ की चोटी से नीचे करीब 1,500 मीटर की गहराई है। इसी खतरे को देखते हुए उन्होंने कहा कि अगर यहां से कोई गिर जाए तो उसकी हड्डियां तक नहीं मिलेंगी। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

रिजिजू ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के बिचोम जिले में स्थित 8वीं सदी के गुरुपद्म संभव स्तूप तक पहुंचने के लिए छह घंटे की ट्रेकिंग की। उनकी इस यात्रा का वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है।