श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब आतंकियों के साथ-साथ सीमा पार बैठकर उनके नेटवर्क को चलाने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में राजौरी पुलिस ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में बैठे एक आतंकी हैंडलर की करीब 81 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, इस व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अरशद के रूप में हुई है, जो राजौरी के थानामंडी इलाके के खबलान गांव का रहने वाला है। उसकी कुल 2 कनाल और 14 मरला जमीन कुर्क की गई है। यह जमीन खबलान गांव में खसरा नंबर 125, 128 और 160 के अंतर्गत आती है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 81 लाख रुपये बताई गई है।यह कार्रवाई थानामंडी पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR नंबर 04/2011 के तहत की गई है।
पुलिस ने आपराधिक प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 87 और 88 के साथ EIMCO एक्ट की धारा 2 और 3 के तहत संपत्ति कुर्क की है। अधिकारियों के अनुसार, मोहम्मद अरशद पिछले कई वर्षों से PoK में रहकर आतंकी गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क को संचालित कर रहा है।
राजौरी पुलिस के अनुसार, आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वर्ष 2026 में अब तक PoK में बैठे 10 आतंकी हैंडलरों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं। सुरक्षा एजेंसियों का उद्देश्य आतंकियों को मिलने वाली आर्थिक मदद और अन्य सुविधाओं के नेटवर्क को तोड़ना है, ताकि सीमा पार से संचालित आतंकी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
वहीं, बारामूला में भी सुरक्षाबलों ने एक अलग कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान गुलाम जीलानी रेशी के रूप में हुई है। उसके पास से एक हैंड ग्रेनेड मिला, जबकि उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाया गया एक और ग्रेनेड बरामद किया गया। इस कार्रवाई में बारामूला पुलिस के साथ BSF, सेना और CRPF के जवान शामिल थे। मामले में FIR दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
जम्मू-कश्मीर में इन लगातार कार्रवाइयों के जरिए सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों और उनके मददगारों के नेटवर्क को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। अब कार्रवाई केवल आतंकियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें आर्थिक और अन्य सहायता पहुंचाने वाले पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसा जा रहा है।





