तिलक वर्मा-कुमार कुशाग्र के शतक, इंडिया ए ने नेपाल को दिया 333 रन का लक्ष्य

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया ए ने नेपाल के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 332 रन बनाए। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने शानदार शतक लगाए। दोनों की पारियों की बदौलत भारत ने नेपाल के सामने 333 रनों का लक्ष्य रखा।

नेपाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि आयुष बदोनी सिर्फ 2 रन ही बना सके। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी भी 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शुरुआती 11 ओवर में भारत ने 42 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे।

मुश्किल स्थिति में कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने पारी को संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 206 रनों की शानदार साझेदारी हुई। कुमार कुशाग्र ने 102 गेंदों में 117 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं, तिलक वर्मा ने 113 गेंदों पर 107 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल थे।

अंतिम ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 14 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 4 छक्के और एक चौका लगाया। वहीं, रिंकू सिंह ने 9 और शाहबाज अहमद ने 8 रन बनाए। नेपाल की ओर से ललित राजबंशी और कप्तान संदीप लामिछाने ने 3-3 विकेट लिए, जबकि नंदन यादव को 2 विकेट मिले।

इसके बाद 333 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। हर्षित राणा ने 16 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि प्रिंस यादव ने सिर्फ 6 रन देकर 5 विकेट झटके। नेपाल की पूरी टीम 11.3 ओवर में महज 26 रन पर सिमट गई। इस तरह इंडिया ए ने मुकाबला 306 रनों से जीतकर एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।