शादी के सीजन में खरीदारों को राहत, एक हफ्ते में 13,870 रुपये सस्ता हुआ सोना, चांदी भी 22,300 रुपये टूटी

शादी-ब्याह के सीजन के बीच सोने और चांदी की खरीदारी करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। पिछले एक हफ्ते में सोना करीब 13,870 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया है, जबकि चांदी की कीमत में करीब 22,300 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई है। कीमतों में आई इस कमी से उन लोगों को राहत मिल सकती है, जो शादी या किसी खास मौके के लिए गहने खरीदने की तैयारी कर रहे हैं।

शनिवार, 21 नवंबर को जारी बाजार भाव के मुताबिक, दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,22,510 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने का भाव 1,12,301 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में 24 कैरेट सोना 1,22,360 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,12,151 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है।

इसी तरह जयपुर और लखनऊ में भी सोने के भाव दिल्ली के बराबर हैं। यहां 24 कैरेट सोना 1,22,510 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,12,301 रुपये प्रति 10 ग्राम पर मिल रहा है। अहमदाबाद और भोपाल में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,22,410 रुपये और 22 कैरेट सोने का भाव 1,12,201 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है।

चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट आई है। सोमवार के मुकाबले चांदी करीब 22,300 रुपये प्रति किलो सस्ती होकर लगभग 1,49,590 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। इस गिरावट से चांदी के गहने, सिक्के और अन्य सामान खरीदने की योजना बना रहे लोगों को भी राहत मिल सकती है।

बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति को अहम वजह माना जा रहा है। अमेरिकी डॉलर की मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड से मिलने वाले बेहतर रिटर्न के कारण निवेशक सोने-चांदी से पैसा निकालकर दूसरे विकल्पों में निवेश कर रहे हैं। इसके अलावा अमेरिका में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका भी इन कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बना रही है।

हालांकि, खरीदारी करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। अलग-अलग शहरों और ज्वेलर्स के यहां सोने-चांदी के भाव में अंतर हो सकता है। इसके अलावा गहने खरीदने पर मेकिंग चार्ज और जीएसटी भी देना पड़ता है। इसलिए बाजार में बताए गए भाव और दुकान के अंतिम बिल में अंतर हो सकता है। खरीदारों को सोने की शुद्धता और हॉलमार्क की भी जांच करनी चाहिए।