उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पुलिस विभाग के अंदर भ्रष्टाचार और लापरवाही के मामलों पर पुलिस अधीक्षक (SP) अभिमन्यु मांगलिक ने सख्त कार्रवाई की है। महज एक सप्ताह के भीतर 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि तीन थानेदारों को लाइन हाजिर किया गया है। यह कार्रवाई 13 से 18 नवंबर के बीच अलग-अलग मामलों में मिली शिकायतों और जांच के आधार पर की गई है।
पुलिसकर्मियों पर गांजा तस्करों को छोड़ने, अवैध पान मसाला फैक्ट्री को संरक्षण देने, दुष्कर्म के मामले में ऑनलाइन रिश्वत लेने और 30 हजार रुपये लेकर जुआरियों को छोड़ने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। इन मामलों के बाद एसपी ने जांच कराई और दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की।
13 नवंबर को उपनिरीक्षक पवन कुमार और मुख्य आरक्षी अजय सिंह को निलंबित किया गया। इसके बाद 15 नवंबर को उपनिरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह, 16 नवंबर को अनुचर जितेंद्र पाल और 17 नवंबर को आरक्षी नित्यानंद यादव पर कार्रवाई हुई। वहीं, 18 नवंबर को पांच आरक्षियों समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। इनमें महेश साहनी, अजय यादव, अनुज कुमार सिंह, स्वतंत्र मौर्य, अनिल यादव और दीपक यादव शामिल हैं।
सबसे बड़ी कार्रवाई गाजीपुर थाने में तैनात छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ हुई। इन पर दीपावली के दौरान एक गांव में जुए की फड़ पर छापा मारने के बाद जुआरियों से पैसे लेकर उन्हें छोड़ने का आरोप लगा था। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके अलावा पुलिस लाइन में तैनात अनुचर जितेंद्र पाल पर नशे की हालत में ड्यूटी करने का आरोप था।
वहीं, तीन थानेदारों को मामलों का सही तरीके से खुलासा नहीं कर पाने और काम में लापरवाही बरतने के चलते लाइन हाजिर किया गया है। इनमें हुसैनगंज थाना प्रभारी आलोक पांडेय, सुल्तानपुर घोष थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह और ललौली थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह शामिल हैं।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक की इस कार्रवाई से पूरे पुलिस विभाग में हलचल मची हुई है। लगातार मिल रही शिकायतों और जांच में सामने आई गड़बड़ियों के बाद पुलिसकर्मियों पर की गई इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया गया है कि भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





