अहमदाबाद में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए कड़ी सुरक्षा, 2,000 पुलिसकर्मी और 1,500 निजी सुरक्षाकर्मी तैनात

पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 85 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए करीब 2,000 पुलिसकर्मियों और 1,500 निजी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा करीब 5,000 सहायक कर्मचारियों की भी व्यवस्था की गई है।

अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलौत के मुताबिक, कार्यक्रम में सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। बम निरोधक दस्ते और क्विक रिस्पॉन्स टीमों को भी तैनात किया गया है। इसके साथ ही स्टेडियम और आसपास के इलाकों पर नजर रखने के लिए करीब 600 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

इनमें 300 कैमरे पुलिस और 300 आयोजकों की ओर से लगाए गए हैं।सुरक्षा व्यवस्था केवल स्टेडियम तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके आसपास चार से पांच किलोमीटर के दायरे में भी पुलिस तैनात रहेगी। राज्य रिजर्व पुलिस की तीन कंपनियों के साथ क्राइम ब्रांच और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की टीमें भी सुरक्षा संभालेंगी। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी भीड़ के बीच मौजूद रहेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना और भगदड़ जैसी स्थिति को रोका जा सके।

दर्शकों की सुविधा के लिए प्रवेश और बाहर निकलने के अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं। टिकट की श्रेणी के हिसाब से लोगों को निर्धारित गेट से प्रवेश करना होगा। पुलिस ने दर्शकों को समय पर पहुंचने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। मोबाइल फोन और ईयरफोन ले जाने की अनुमति होगी, जबकि पानी की बोतल और बैग जैसी चीजों पर रोक लगाई गई है। महिला दर्शक छोटे पावर बैंक ले जा सकेंगी। सामान रखने के लिए स्टेडियम के बाहर लॉकर की सुविधा भी दी गई है।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आठ एंबुलेंस, पांच मेडिकल टीमें और दो अस्थायी अस्पतालों की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने मेट्रो से सफर करने की भी अपील की है, ताकि स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक का दबाव कम रहे। वहीं, नशीले पदार्थों का सेवन करके कार्यक्रम में पहुंचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

यह कॉन्सर्ट दिलजीत दोसांझ के ‘रुपे ऑरा इंडिया टूर’ का हिस्सा है। पुलिस का कहना है कि इतने बड़े आयोजन में दर्शकों की सुरक्षा, भीड़ को नियंत्रित करना और यातायात व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।