दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक जूता बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री के अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया के फेज-1 में रात करीब 9:30 बजे हुई। आग सबसे पहले फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी, जहां जूते बनाने और रखने का काम होता था। इसके बाद बेसमेंट से उठा धुआं ऊपर की मंजिलों तक फैल गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 20 दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने और लोगों को बाहर निकालने का काम किया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फैक्ट्री के अंदर से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। सभी को तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, भारी धुएं के कारण लोगों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से और पांच लोगों को चौथी मंजिल से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस ठेकेदार और वहां काम करने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे के समय फैक्ट्री में कितने मजदूर मौजूद थे। इस मामले में गैर इरादतन हत्या से जुड़ी धाराओं के तहत केस भी दर्ज किया गया है। फिलहाल आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा रहा है।
इस हादसे के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में आग से बचाव के इंतजाम और मजदूरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





