उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। इसी बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मेरठ एक बार फिर राजनीति का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। शनिवार, 14 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी एक ही दिन मेरठ में अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करेंगे। दोनों नेताओं के कार्यक्रमों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ के माल रोड स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित मेगा पूर्व सैनिक सम्मान रैली में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर और बिजनौर के करीब 3 हजार पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके परिवार पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पूर्व सैनिकों से बातचीत करेंगे और उन्हें सम्मानित भी करेंगे। इस दौरान पेंशन, बैंकिंग, दस्तावेजों और दूसरी समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री प्रदेश के आठ जिलों में बने जिला सैनिक कल्याण और पुनर्वास कार्यालयों का उद्घाटन भी करेंगे।
वहीं, दूसरी ओर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मेरठ के नौचंदी मैदान में जनसभा करेंगे। सितंबर से ही ओवैसी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सभाएं कर रहे हैं। बिजनौर, सहारनपुर, शामली और रामपुर के बाद अब उनकी नजर मेरठ पर है। इस जनसभा के जरिए वह मुस्लिम मतदाताओं को एकजुट करने और पश्चिमी यूपी में अपनी पार्टी की पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेंगे। उनकी यह रैली 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की पहली बड़ी चुनावी सभा मानी जा रही है।
ओवैसी की इस सक्रियता के बीच आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर भी चर्चा चल रही है। वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पश्चिमी यूपी में PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण के सहारे अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं।
दूसरी तरफ, भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राष्ट्रवाद, कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दों के साथ चुनावी तैयारी कर रही है। राष्ट्रीय लोकदल के NDA में शामिल होने से पश्चिमी यूपी में भाजपा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ऐसे में एक ही दिन मेरठ में योगी आदित्यनाथ और ओवैसी की रैलियां राजनीतिक रूप से काफी अहम मानी जा रही हैं। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि दोनों नेता अपने भाषणों में कौन से मुद्दे उठाते हैं और इन रैलियों का 2027 के विधानसभा चुनाव पर कितना असर पड़ता है।





