बांग्लादेश में बिजली संकट की एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के 35 गांवों में पिछले पांच महीनों से बिजली नहीं है। इसकी वजह से 10 हजार से ज्यादा लोग परेशान हैं। यह मामला बांग्लादेश के फरीदपुर जिले के सदरपुर उपजिला की नारिकेलबाड़िया यूनियन का है। पिछले 8 जून से यहां बिजली की सप्लाई बंद है। करीब 1,500 बिजली उपभोक्ता इस समस्या का सामना कर रहे हैं।
दरअसल, पद्मा नदी के नीचे से गुजरने वाली बिजली की केबल टूट गई है। इसी के जरिए इन गांवों तक बिजली पहुंचाई जाती थी। केबल टूटने के बाद से पूरे इलाके में बिजली सप्लाई बंद हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली नहीं होने से घरों में लगे पंखे, फ्रिज और टीवी बेकार पड़े हैं। गर्मी के कारण लोगों को रात में सोने में परेशानी हो रही है।
बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।बिजली की समस्या का असर खेती और छोटे कारोबार पर भी पड़ा है। किसान बिजली से चलने वाले मोटर और सिंचाई के साधनों का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, एक स्थानीय दर्जी को अपनी सिलाई मशीन चलाने के लिए 18 हजार बांग्लादेशी टका खर्च करके नई बैटरी खरीदनी पड़ी। कई परिवारों ने बिजली की कमी को देखते हुए सोलर पैनल भी लगाए हैं, लेकिन इनसे केवल लाइट और छोटे पंखे ही चल पाते हैं। फ्रिज और पानी की मोटर जैसे उपकरण चलाना संभव नहीं है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस इलाके में साल 2021 में पहली बार ग्रिड से बिजली पहुंचाई गई थी। इसके बाद लोगों ने अपने घरों में पंखे, फ्रिज और टीवी खरीदे थे। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में नदी के नीचे बिछी बिजली की केबल कई बार टूट चुकी है। साल 2023 में भी केबल टूटने से करीब छह महीने तक बिजली सप्लाई बंद रही थी। वहीं, नवंबर 2024 में आई खराबी के बाद लोगों को लगभग 15 महीने तक बिजली संकट झेलना पड़ा था।
इस मामले पर स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि अगर समय रहते समस्या का समाधान किया जाता तो उन्हें इतने लंबे समय तक परेशान नहीं होना पड़ता। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी जल्द से जल्द बिजली सप्लाई शुरू करने की मांग की है।
वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पद्मा नदी में तेज बहाव और पानी का स्तर अधिक होने के कारण केबल की मरम्मत करना मुश्किल था। अधिकारियों ने यह भी आशंका जताई है कि नदी में अवैध रूप से रेत निकालने के दौरान केबल को नुकसान पहुंचा हो सकता है।
अब विभाग ने पुरानी केबल की मरम्मत करने के बजाय नदी के नीचे नई केबल बिछाने का फैसला किया है। इसके लिए करीब चार किलोमीटर लंबी नई केबल की जरूरत होगी। इस पूरे काम पर लगभग 2.5 करोड़ बांग्लादेशी टका खर्च होने का अनुमान है। इसमें करीब 2.1 करोड़ टका केबल खरीदने और 30 लाख टका उसे बिछाने पर खर्च किए जाएंगे।
बिजली विभाग के मुताबिक, नई केबल की व्यवस्था कर ली गई है और इसे बिछाने के लिए ठेकेदार चुनने की प्रक्रिया शुरू की जानी है। अधिकारियों का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक बिजली सप्लाई दोबारा शुरू करना है। उनका कहना है कि जरूरी तैयारियां पूरी होने के बाद नदी में केबल बिछाने का काम अधिकतम तीन दिनों में किया जा सकता है।
फिलहाल इन 35 गांवों के हजारों लोग बिजली लौटने का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि इस बार ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे नदी के नीचे बार-बार केबल टूटने की समस्या न हो और उन्हें लंबे समय तक अंधेरे में न रहना पड़े।





