अमेरिका के लुइसियाना राज्य के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर एक बड़ा हादसा हुआ। यहां करीब 180 लोगों से भरा एक क्रूज जहाज टैंकर की टक्कर के बाद पलट गया। हादसे के बाद जहाज में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री जान बचाने के लिए नदी में कूद गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बचाव दल ने जहाज पर मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस हादसे में 32 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई और न ही किसी की मौत हुई।
यह हादसा शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे न्यू ऑरलियन्स के पोर्ट के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, अमेरिकन क्रूज लाइन्स का ‘अमेरिकन हेरिटेज’ नाम का रिवर क्रूज जहाज मिसिसिपी नदी के किनारे खड़ा था। जहाज करीब दो घंटे पहले ही वहां पहुंचा था और यात्रियों को उतारने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान डामर लेकर जा रहा ‘अटलांटिक एस्फाल्ट’ नाम का बड़ा टैंकर अचानक क्रूज जहाज से टकरा गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि क्रूज जहाज एक तरफ झुकने लगा और उसमें पानी भरने लगा। देखते ही देखते जहाज पलटकर नदी में समा गया। हादसे के समय जहाज पर करीब 180 से 190 यात्री और चालक दल के सदस्य मौजूद थे। इनमें से करीब 87 यात्री टक्कर के समय तक जहाज से उतर चुके थे। बाकी लोगों को बचाने के लिए तुरंत अभियान शुरू किया गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि क्रूज जहाज एक तरफ झुकने लगा और उसमें पानी भरने लगा। देखते ही देखते जहाज पलटकर नदी में समा गया। हादसे के समय जहाज पर करीब 180 से 190 यात्री और चालक दल के सदस्य मौजूद थे। इनमें से करीब 87 यात्री टक्कर के समय तक जहाज से उतर चुके थे। बाकी लोगों को बचाने के लिए तुरंत अभियान शुरू किया गया।
हादसे के बाद यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनकर नदी में कूदते देखा गया। कुछ लोग जहाज की रेलिंग पकड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। आसपास मौजूद टगबोट के कर्मचारियों, बंदरगाह कर्मियों, पुलिस और बचाव दल ने तुरंत मदद शुरू की। अमेरिकी तटरक्षक बल और दमकल विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। बचावकर्मियों ने नदी में गिरे लोगों को बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो ने बताया कि जहाज पर मौजूद सभी लोगों का पता लगा लिया गया है। किसी के लापता होने की खबर नहीं है। उन्होंने इस घटना को ‘मिसिसिपी का चमत्कार’ बताया। हादसे में 32 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किसी की हालत गंभीर नहीं थी।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टैंकर के स्टीयरिंग सिस्टम में खराबी आने के कारण उसने अपना नियंत्रण खो दिया था और क्रूज जहाज से टकरा गया। हालांकि, अमेरिकी तटरक्षक बल और संबंधित अधिकारी हादसे की असली वजह की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों का पता चल पाएगा। हादसे के बाद सुरक्षा के लिहाज से आसपास के नदी मार्ग पर जहाजों की आवाजाही भी रोक दी गई थी।
बताया जा रहा है कि अमेरिकन हेरिटेज जहाज आठ दिनों की नदी यात्रा पूरी करने के बाद न्यू ऑरलियन्स पहुंचा था। हादसे के बाद क्रूज कंपनी ने यात्रियों की मदद के लिए होटल में ठहरने और घर वापस जाने की व्यवस्था शुरू की। इस घटना में किसी की जान नहीं जाने को बड़ी राहत माना जा रहा है।





