AIMIM और आसपा गठबंधन से बने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का अखिलेश ने किया स्वागत, PDA को बताया बड़ा विकल्प

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया है। इस नए गठबंधन का समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वागत किया है। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने PDA को उत्तर प्रदेश में बदलाव का सबसे बड़ा राजनीतिक विकल्प बताया है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि समाज में बदलाव जरूरी है, लेकिन असली सफलता तभी मिलेगी जब राजनीतिक बदलाव के लिए भी मजबूत मोर्चा सक्रिय होगा। उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA समाज के हित में काम करने और सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ आवाज उठाने वाले हर दल की बात जनता तक पहुंचाने में समाजवादी पार्टी सहयोग करेगी।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि AIMIM और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन से विपक्ष को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग भावनात्मक नारों और झूठे वादों के प्रभाव में आकर बीजेपी को वोट देते थे, उनके सामने अब एक नया विकल्प होगा। इससे बीजेपी को दो से तीन प्रतिशत वोटों का और नुकसान हो सकता है।

सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि ऐसे राजनीतिक मोर्चे लोकतंत्र को मजबूत करते हैं, लेकिन इसके पीछे अपने समाज की भलाई करने की सच्ची मंशा होनी चाहिए। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि केवल बयान देकर राजनीतिक माहौल बनाने वाले नेताओं की सच्चाई जनता समझती है। अगर कोई दल किसी दूसरे के राजनीतिक फायदे के लिए काम करता है, तो जनता चुनाव में उसे जवाब दे सकती है।

अखिलेश ने उम्मीद जताई कि नए गठबंधन से राजनीति में वोटों की ठेकेदारी खत्म होगी और सभी दल अपने समाज के हित में ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बदलाव चाहने वाले लोग उसी राजनीतिक ताकत के साथ जाएंगे, जिसका अपना मजबूत जनाधार होगा। इस मामले में PDA से बड़ा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

गौरतलब है कि 12 नवंबर को लखनऊ में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का ऐलान किया था। इस गठबंधन ने 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है। चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित किया गया है। दोनों नेताओं ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी इस मोर्चे में शामिल होने का न्योता दिया है।

गठबंधन ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को अपनी प्राथमिकता बताया है। इसके तहत कक्षा 1 से 12वीं तक अच्छी शिक्षा, अस्पतालों की सुविधाओं में सुधार और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

अब देखना होगा कि AIMIM और आजाद समाज पार्टी का यह नया गठबंधन 2027 के विधानसभा चुनाव में कितना प्रभाव डालता है और अखिलेश यादव के PDA समीकरण के साथ प्रदेश की राजनीति में क्या नया बदलाव देखने को मिलता है।