महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां ब्रेकअप से नाराज एक युवक ने अपनी प्रेमिका के घर में आग लगा दी। घटना के समय युवती अपने माता-पिता के साथ घर में मौजूद थी। अचानक आग फैलने से परिवार की जान खतरे में पड़ गई, लेकिन तीनों ने समय रहते घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान दीपेश रस्तोगी के रूप में हुई है। युवती और दीपेश के बीच पिछले 7 से 8 साल से प्रेम संबंध था। हालांकि, कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। इसके बाद युवती ने इस रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया और दीपेश को भी साफ बता दिया कि वह अब इस संबंध को आगे नहीं बढ़ाना चाहती। लेकिन युवक इस फैसले से नाराज था।
बताया जा रहा है कि इसी नाराजगी में दीपेश ने प्रेमिका के घर को निशाना बनाया और उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते आग घर में फैल गई और परिवार के बीच अफरा-तफरी मच गई। युवती और उसके माता-पिता किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रहे। उनकी सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मानपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी दीपेश रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी का इरादा सिर्फ घर में आग लगाने का था या वह युवती और उसके माता-पिता समेत पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाना चाहता था।
मानपाड़ा पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीपन शिंदे के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





