PM मोदी ने थपथपाई सम्राट चौधरी की पीठ, बिहार में NDA के विकास कार्यों का किया गुणगान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सराहना की। बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन और विकास की जो नींव रखी थी, उसे अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम आगे बढ़ा रही है।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने बिहार को करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इसमें कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास शामिल है। पीएम मोदी ने गंगा नदी पर बने छह लेन के ‘नीतीश सेतु’ का भी उद्घाटन किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में हुए कामों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बिहार में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते हुए हैं। गया में छह हजार करोड़ रुपये की स्टील परियोजना पर काम शुरू हो चुका है। इसके अलावा बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करने के लिए नई गन्ना प्रोत्साहन नीति लाई गई है। किसानों को सिंचाई की सुविधा देने के लिए 11 हजार नए ट्यूबवेल लगाने की योजना भी शुरू की गई है।

पीएम मोदी ने शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि राज्य में एक साल के भीतर 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए मां सीता महिला विश्वविद्यालय को मंजूरी दी गई है। वहीं, स्वयं सहायता समूहों के जरिए करीब 50 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की दिशा में काम किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान 100 आधुनिक पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों परिवारों को पक्के घरों की चाबियां सौंपी गईं। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार को मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने एनडीए के सभी सहयोगी दलों से विकास की इस रफ्तार को बनाए रखने की अपील भी की।

वैशाली में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और एनडीए के कई नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने बिहार की जनता को भरोसा दिलाया कि राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार का सहयोग लगातार जारी रहेगा।