उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी ने चुनावी तैयारियों के बीच अपने संगठन को मजबूत करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं में अनिल कसाना, उत्पल राय, पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, विनय प्रताप, वीरेंद्र, अदनान अशरफ खान और महेश कुमार बबलू शामिल हैं। इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नए नेताओं का स्वागत किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।
इस दौरान अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश के सामने भाजपा सबसे बड़ा संकट है। भाजपा के सत्ता से हटने पर ही यह संकट दूर होगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के लोगों को लगने लगा है कि कमल मुरझा रहा है, इसलिए अब वे राधे-राधे कहने लगे हैं। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी में शामिल हुए नेताओं के साथ भाजपा सरकार अन्याय नहीं कर पाएगी और पार्टी उनका पूरा सहयोग करेगी।
अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर भी अपना रुख साफ किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन में कितनी सीटें किस पार्टी को मिलेंगी, इससे ज्यादा जरूरी यह है कि गठबंधन चुनाव जीते। अभी भी कई ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस के उम्मीदवार जीत सकते हैं। दोनों दलों के बीच होने वाली बातचीत में इन सीटों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि जिस सीट पर जिस पार्टी के उम्मीदवार की जीत की संभावना ज्यादा होगी, उस सीट पर उसी पार्टी को चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए। यानी गठबंधन में सीटों का फैसला केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि उम्मीदवार की जीतने की क्षमता देखकर होगा।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर अधिकारियों के जरिए राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी पिछले दस वर्षों से एक ही पद पर बने हुए हैं। ऐसे अधिकारियों को हटाने के लिए समाजवादी पार्टी के विधायक अपने हस्ताक्षर के साथ ज्ञापन देंगे। उन्होंने भाजपा के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की बात कही गई थी। अखिलेश ने पूछा कि भाजपा को मतदाताओं के नाम कटने की जानकारी कहां से मिली थी। उन्होंने इस दौरान ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ का नारा भी दिया और इससे जुड़ा एक नया वीडियो दिखाया।
अखिलेश यादव ने चुनाव से पहले बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मतदाता सूची में अधिक से अधिक लोगों के नाम जुड़वाने की अपील की। उनका कहना था कि चुनाव में जीत हासिल करने के लिए बूथ मजबूत करना सबसे जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है और चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी ज्यादातर योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि पीडीए अब केवल एक राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि भावनात्मक मुद्दा बन चुका है।





