बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों काफी चर्चा में है। शादी के मौके पर 25 नवंबर को भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस मुकाबले में बिहार समेत उत्तर प्रदेश और दूसरे राज्यों से घोड़े हिस्सा लेने पहुंचेंगे। हालांकि, इस रेस में अनंत सिंह के अपने घोड़े दौड़ते नजर नहीं आएंगे। उनके घोड़े मैदान में मौजूद रहेंगे, लेकिन प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेंगे।
अनंत सिंह के दोस्त पप्पू मालवा भी उत्तर प्रदेश से शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि अनंत सिंह और उनके अपने घोड़े को भी प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा। इसके पीछे खास वजह बताई गई है। उनका कहना है कि अगर अनंत सिंह का घोड़ा मुकाबला जीत जाता है तो लोग सवाल उठा सकते हैं कि अपने ही घोड़े को विजेता बना दिया गया। इसी वजह से दोनों ने अपने घोड़ों को प्रतियोगिता से अलग रखने का फैसला किया है।
हालांकि, अनंत सिंह और पप्पू मालवा के घोड़े मैदान में मौजूद रहेंगे और उनका प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में अलग-अलग राज्यों से घोड़ों के आने की तैयारी है। घोड़ों के शौकीनों के बीच इस मुकाबले को लेकर काफी उत्साह है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रतियोगिता के विजेता को सफेद रंग की थार एसयूवी इनाम में दी जाएगी।
दरअसल, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह का तिलक समारोह 20 नवंबर को दानापुर के एक रिसॉर्ट में आयोजित किया जा रहा है, जबकि शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा में होगी। शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस आयोजन में बड़ी संख्या में मेहमानों और समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है।





