पीएम मोदी बोले- बचत को बढ़ावा दें, भारत में ‘खाओ, पियो, मौज करो’ वाली संस्कृति नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में बचत की आदत को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। उन्होंने मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों से कहा कि भारतीय संस्कृति ‘खाओ, पियो और मौज करो’ वाली नहीं, बल्कि बचत और भविष्य की तैयारी करने वाली रही है। पीएम मोदी ने कहा कि देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। अब जरूरी है कि वे दोबारा गरीबी में न जाएं और इसके लिए परिवारों में बचत की आदत को बढ़ावा देना होगा।

दरअसल, बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक हुई। करीब साढ़े तीन घंटे चली इस बैठक में गरीबी कम करने, नक्सलवाद, नशे की समस्या और सरकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबी से बाहर निकलना बड़ी उपलब्धि है, लेकिन लोगों की आर्थिक स्थिति को लंबे समय तक मजबूत बनाए रखना भी जरूरी है।

बैठक में विश्व बैंक की रिपोर्ट का जिक्र किया गया। इसके मुताबिक, 2011 से 2023 के बीच भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। पीएम मोदी ने इसे देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि सरकार, अधिकारियों, उद्योगों और आम लोगों के सामूहिक प्रयासों से यह बदलाव संभव हुआ है। उन्होंने मंत्रियों से सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर ध्यान देने को कहा।

बैठक में प्रधानमंत्री ने नशे की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सफलता हासिल की है, उसी तरह नशे की समस्या को भी खत्म किया जा सकता है। इसके लिए सरकार, प्रशासन, सामाजिक संगठनों और आम लोगों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने खास तौर पर युवाओं को नशे से बचाने और इस समस्या को जड़ से खत्म करने पर जोर दिया। साथ ही नक्सलवाद को दोबारा पैर पसारने से रोकने की जरूरत भी बताई।

बैठक में गृह, वित्त, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, आवास और मत्स्य पालन समेत कई विभागों के 11 सचिवों ने प्रस्तुतियां दीं। इनमें गरीबी कम करने, सरकारी योजनाओं, सुशासन, प्रशासनिक सुधार और साइबर अपराध जैसे मुद्दों पर जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं के बेहतर तरीके से लागू करने और उनका लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।

पीएम मोदी का यह संदेश ऐसे समय आया है, जब सरकार देश को विकसित बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री का जोर है कि लोगों की आमदनी बढ़ने के साथ उनकी बचत भी बढ़े, ताकि परिवार आर्थिक रूप से सुरक्षित रहें। सरकार के मुताबिक, बचत की आदत, नशे से दूरी और आर्थिक अनुशासन से देश की विकास यात्रा को और मजबूत बनाया जा सकता है।