उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बनकर तैयार हो रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जल्द ही देश को समर्पित किया जाएगा। गंजारी में बने इस भव्य स्टेडियम का उद्घाटन 2 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे इस स्टेडियम में एक साथ 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके शुरू होने से वाराणसी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के नक्शे पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
स्टेडियम के उद्घाटन से पहले तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में 18 नवंबर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व सचिव और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अध्यक्ष जय शाह ने स्टेडियम का दौरा किया। उन्होंने करीब दो घंटे तक परिसर का निरीक्षण किया और मैदान, पवेलियन, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के लिए बनाई गई सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें निर्माण कार्य और स्टेडियम की तैयारियों की जानकारी दी।
इस स्टेडियम की सबसे बड़ी खासियत इसकी अनोखी बनावट है। इसे भगवान शिव और काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। स्टेडियम के छह फ्लडलाइट टावर त्रिशूल के आकार के बनाए गए हैं, जबकि मीडिया सेंटर को डमरू जैसा रूप दिया गया है। इसकी छत अर्धचंद्र के आकार की है और प्रवेश द्वार को बेलपत्र से प्रेरित डिजाइन दिया गया है। वहीं, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था काशी के पुराने घाटों की सीढ़ियों की तर्ज पर तैयार की गई है।
खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में आधुनिक इंतजाम किए गए हैं। मुख्य मैदान में नौ क्रिकेट पिच बनाई गई हैं, जबकि अभ्यास के लिए अलग मैदान में पांच पिच होंगी। खिलाड़ियों के लिए दो जिम और दोनों टीमों के लिए अलग-अलग जकूजी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा स्टेडियम में 32 कॉर्पोरेट बॉक्स बनाए गए हैं। दर्शकों, वीआईपी मेहमानों और खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार और रास्तों की व्यवस्था की गई है।दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम में पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है।
फिलहाल यहां करीब 1,500 वाहनों के खड़े होने की जगह है, जिसे आगे बढ़ाकर 2,500 वाहनों तक किया जा सकता है। स्टेडियम में छह फ्लडलाइट टावर लगाए गए हैं, जिनकी ऊंचाई करीब 65 मीटर है। हर टावर पर 95 लाइटें लगाई गई हैं। इसके साथ ही बारिश के बाद मैदान से पानी निकालने के लिए आधुनिक व्यवस्था की गई है, जिससे करीब 30 मिनट में मैदान को दोबारा खेलने लायक बनाया जा सकेगा।
इस स्टेडियम के शुरू होने से वाराणसी और आसपास के जिलों के क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। इसके अलावा यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होने से वाराणसी में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे होटल, परिवहन और स्थानीय कारोबार से जुड़े लोगों को भी फायदा हो सकता है। वाराणसी का यह स्टेडियम उत्तर प्रदेश में क्रिकेट सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।





