पिता पर जमीन कब्जाने के आरोपों पर मैथिली ठाकुर का छलका दर्द, बोलीं- ‘मुझे बहुत खराब लग रहा’

बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर इन दिनों अपने परिवार पर लगे जमीन कब्जाने के आरोपों को लेकर चर्चा में हैं। उनके पिता रमेश ठाकुर पर दरभंगा जिले में सरकारी जमीन, सार्वजनिक रास्ते और कुछ निजी जमीनों पर कब्जा करने के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले पर अब मैथिली ठाकुर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने इन सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताते हुए कहा कि अपने परिवार के बारे में ऐसी बातें सुनकर उन्हें बहुत खराब लग रहा है।

मैथिली ठाकुर ने कहा कि वह पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर अपने परिवार के खिलाफ इस तरह की पोस्ट देख रही हैं। इन पोस्ट में उनके परिवार को भू-माफिया बताया जा रहा है और गरीबों की जमीन छीनने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर आरोप लगाने से पहले उनका आधार भी बताया जाना चाहिए। अगर किसी को जमीन से जुड़ी कोई शिकायत है तो वह संबंधित अंचल अधिकारी से संपर्क करे और सबूतों के साथ अपनी बात रखे।

यह पूरा मामला बिहार के दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड की पोखरभिंडा पंचायत का है। यहां के कुछ ग्रामीणों ने मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर सरकारी जमीन, सार्वजनिक रास्ते, सामूहिक श्राद्धस्थल और कुछ निजी जमीनों पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के तिवारी बाबा स्थान के पास बने सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन पर निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा शशिनाथ मिश्र चौक से वाटरवेज की ओर जाने वाले सार्वजनिक रास्ते पर भी कब्जे की शिकायत की गई है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस रास्ते का इस्तेमाल लोग अपने खेतों तक पहुंचने के लिए करते हैं।

शिकायत करने वाले ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि तालाब से निकलने वाले नाले को मिट्टी डालकर बंद किया जा रहा है। कुछ लोगों ने अपनी निजी जमीन के हिस्सों पर कब्जा करने और पूर्वजों की समाधियों के आसपास मिट्टी काटने की शिकायत भी की है। ग्रामीणों ने इस मामले में अंचल अधिकारी के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय और बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

वहीं, मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर ने भी इन आरोपों पर अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि उन्होंने संबंधित जमीन उन्हीं लोगों से खरीदी है, जिनकी वह जमीन थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह पटना से बाहर हैं और प्रशासन की जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो जाएगी।

मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रभारी अंचल अधिकारी आलोक कुमार ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दोनों पक्षों को जनता दरबार में बुलाकर उनका पक्ष सुनने और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करने की बात कही है। इस बीच सार्वजनिक रास्ते पर किए गए कुछ निर्माण को प्रशासन की ओर से हटाए जाने की भी खबर सामने आई है। फिलहाल जमीन से जुड़े सभी आरोपों की सच्चाई प्रशासनिक जांच और दस्तावेजों के आधार पर स्पष्ट होगी।