दिल्ली में सांसों पर संकट! खतरनाक स्तर पर पहुंचा प्रदूषण, कई इलाकों में AQI 650 के पार

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। शुक्रवार सुबह शहर घने धुंध और जहरीली हवा की चपेट में रहा। कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़क पर चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 403 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं, कुछ निजी मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग इलाकों में AQI 650 से भी ऊपर दर्ज किया गया।

दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक रहा। IIT दिल्ली में AQI 488, चांदनी चौक में 479 और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 478 दर्ज किया गया। वहीं, आनंद विहार में 419, रोहिणी में 413 और IGI एयरपोर्ट पर 403 AQI रिकॉर्ड किया गया। शहर के 58 सक्रिय निगरानी केंद्रों में से 33 केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई।

प्रदूषण बढ़ने के साथ दिल्ली-NCR में सांस लेना भी मुश्किल होता जा रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों पर पड़ सकता है। आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं बढ़ने का खतरा है।

दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के पीछे वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, औद्योगिक उत्सर्जन और पराली जलाने से निकलने वाला धुआं प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा, सर्दियों में तापमान कम होने और हवा की गति धीमी पड़ने से प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा हो जाते हैं।

स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर से दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू किया है। इसके तहत निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़ी कुछ गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। प्रदूषण कम करने के लिए पानी के छिड़काव और अन्य उपाय भी किए जा रहे हैं।

फिलहाल दिल्ली की हवा में सुधार की उम्मीद मौसम की स्थिति पर भी निर्भर करेगी। ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और प्रदूषण के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।