NVIDIA के पूर्व CEO जेनसन हुआंग के तीसरे अफेयर का खुलासा, अमेरिकी संसद में पेश होकर देंगे जवाब

नई दिल्ली: दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी NVIDIA के पूर्व CEO जेनसन हुआंग की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस्तीफे के बाद अब उनके एक और महिला कर्मचारी के साथ संबंधों का खुलासा हुआ है। इस नए खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है। वहीं, अमेरिका में सांसदों ने उन्हें संसद के सामने पेश होकर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों का जवाब देने के लिए बुलाने की तैयारी शुरू कर दी है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसन हुआंग के एक अन्य महिला कर्मचारी के साथ करीबी संबंध थे। इससे पहले भी उनके दो महिलाओं के साथ विवाहेतर संबंधों की खबरें सामने आई थीं। इनमें एनवीडिया की हेल्थकेयर विभाग की उपाध्यक्ष किम्बर्ली पॉवेल और चीनी कारोबारी एलिस हुआंग का नाम शामिल है। हालांकि, तीसरी महिला कर्मचारी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

इस मामले ने तब गंभीर रूप ले लिया, जब जेनसन हुआंग ने 8 नवंबर को कंपनी के कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की और अपने व्यवहार की जिम्मेदारी लेते हुए माफी मांगी। इसके बाद कंपनी के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू की। 12 नवंबर को उन्होंने एनवीडिया के CEO और बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया। फिलहाल कंपनी की CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, इस पूरे मामले ने अमेरिकी संसद का भी ध्यान खींचा है। सांसदों की चिंता सिर्फ जेनसन हुआंग के निजी जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके चीनी कारोबारी एलिस हुआंग से कथित संबंधों और अमेरिकी तकनीक की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अमेरिकी अधिकारियों को एलिस हुआंग पर चीन के लिए जासूसी करने का संदेह है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की समितियों ने जेनसन हुआंग को बंद कमरे में पूछताछ के लिए बुलाने की मांग की है। सांसद उनसे यह जानना चाहते हैं कि क्या उनके कथित संबंधों के जरिए चीन तक अमेरिका की संवेदनशील तकनीक या कारोबारी जानकारी पहुंचने का खतरा पैदा हुआ था। हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के अध्यक्ष ब्रायन मास्ट ने भी कहा है कि हुआंग की संसद में पेशी को लेकर बातचीत चल रही है। जरूरत पड़ने पर सांसद उन्हें पेश होने के लिए समन भी भेज सकते हैं।

इस बीच, एनवीडिया ने भी पूरे मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। कंपनी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं जेनसन हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना तो नहीं बने थे। चीन ने एलिस हुआंग पर लगे जासूसी के आरोपों को खारिज किया है। ऐसे में जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

जेनसन हुआंग के इस्तीफे और लगातार सामने आ रहे नए खुलासों ने एनवीडिया की छवि और भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर अमेरिकी सांसदों की पूछताछ और कंपनी की जांच पर है। यह मामला आने वाले दिनों में अमेरिकी तकनीक, चीन को चिप निर्यात और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े बड़े फैसलों को भी प्रभावित कर सकता है।