नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना नाम लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा है। गुरुवार, 12 नवंबर को दिल्ली में आयोजित ‘किसान तक भारत कृषि सम्मेलन-2026’ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आजकल कुछ लोग अपनी जेब से संविधान निकालते हैं और उन्हें लगता है कि देश का संविधान और लोकतंत्र उनकी जेब में है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार में न रहने के बावजूद कुछ लोगों पर सत्ता का अलग ही नशा रहता है।
प्रधानमंत्री का यह बयान राहुल गांधी की ओर इशारा माना जा रहा है, क्योंकि राहुल गांधी अक्सर राजनीतिक कार्यक्रमों और जनसभाओं में संविधान की प्रति लेकर पहुंचते हैं। हालांकि, पीएम मोदी ने अपने संबोधन में राहुल गांधी या किसी राजनीतिक दल का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया।अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए हुए एक पुराने मामले का भी जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि उस समय अर्थव्यवस्था से जुड़ी एक रैंकिंग में गुजरात को देश में पहला स्थान मिला था। यह रैंकिंग देश के एक पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर बनी संस्था ने जारी की थी और प्रतिष्ठित अर्थशास्त्रियों की रिसर्च पर आधारित थी। पीएम मोदी के मुताबिक, उस समय दिल्ली में सत्ता में बैठे लोगों को गुजरात की यह उपलब्धि पसंद नहीं आई थी।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि तत्कालीन केंद्र सरकार ने रिसर्च करने वाले लोगों पर दबाव बनाया था। उन्हें निर्देश दिए गए थे कि आगे से कोई भी रिपोर्ट प्रकाशित करने से पहले सरकार से मंजूरी लेनी होगी। उन्होंने कहा कि उस समय यही स्थिति थी और आज वही लोग लोकतंत्र और सहिष्णुता की बात करते हैं। प्रधानमंत्री ने इस पुराने मामले के बारे में और जानकारी हासिल करने के लिए लोगों से खुद रिसर्च करने की बात भी कही।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में लोकतंत्र और सत्ता के व्यवहार को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कुछ लोग सत्ता में थे, तब उनका व्यवहार कुछ और था, लेकिन आज वे लोकतंत्र और संविधान की बातें करते हैं। उनका यह बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।





